

बड़हरवा/साहिबगंज
बड़हरवा थाना क्षेत्र के बरहरवा-फरक्का मुख्य पथ पर काहरपाड़ा के समीप शनिवार की सुबह एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी।मृतक की पहचान काहरपाड़ा निवासी शाहबाज शेख (19), पिता जहरुल शेख के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार शाहबाज पिछले तीन-चार वर्षों से बड़े वाहनों की देखभाल का काम करता था।काम के सिलसिले में वह रात में घटनास्थल के समीप ही सोता था।शुक्रवार की रात भी वह रोजाना की तरह वहीं मौजूद था।शनिवार की सुबह करीब सात बजे एक महिला फूल तोड़ने के लिए वहां पहुंची। इसी दौरान उसकी नजर फंदे से लटके शाहबाज के शव पर पड़ी।शव देखते ही महिला ने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गयी।सूचना मिलते ही बरहरवा थाना के एसआई सुदामा सिंह और एसएसआई अभिनाश सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गयी. वहीं, युवक की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।बड़हरवा पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
